जयपुर, जनवरी 24, 2022.

पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह (RPN) ने मंगलवार को कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा। दोपहर में आरपीएन ने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली। उन्हें यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने भाजपा जॉइन कराई। कांग्रेस ने एक दिन पहले सोमवार को ही आरपीएन सिंह को स्टार प्रचारक बनाया था। वे झारखंड के प्रभारी भी थे।
आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने उन्हें कायर करार दे दिया है। सुप्रिया ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी जो लड़ाई लड़ रही है, वह केवल बहादुरी से लड़ी जा सकती है। इसके लिए साहस, ताकत की जरूरत है और प्रियंका गांधी जैसा कहती हैं कि कायर लोग इसे नहीं लड़ सकते’।
आरपीएन सिंह ने कहा, ’32 सालों तक मैंने एक पार्टी में रहा ईमानदारी से, लगन से मेहनत की। लेकिन जिस पार्टी में इतने साल रहा, अब वो पार्टी रह नहीं गई। न वो सोच रह गई जहां मैंने शुरुआत की थी। देर से सही पर दुरुस्त आया हूं। अगर देश में राष्ट्र निर्माण करना है और देश को आगे बढ़ाना है तो मैं एक छोटे कार्यकर्ता की हैसियत से हमारा प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए जो भी प्रयास होगा, अवश्य करूंगा।’
आरपीएन सिंह की भाजपा में जाने की खबर महीने भर से सियासी गलियारे में चल रही थी, लेकिन वे इनकार करते रहे। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘आरपीएन सिंह जी का मैं भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत करता हूं। उनके साथ 2 अन्य साथी भी भाजपा में शामिल हुए हैं, मैं उनका भी पार्टी में स्वागत करता हूं।