फाल्गुन माह में फाग गीतों और भजनों की गूंज से फागोत्सव की धूम
जयपुर, फरवरी 15, 2023.
फाल्गुन माह में फाग गीतों और भजनों की गूंज ने शहर में धमाल मचाई हुई है। जगह-जगह फागोत्सव हो रहे हैं। इन उत्सवों में चंग-ढप की थाप पर श्रद्धालु खूब झूम रहे हैं। जमकर फूलों की होली खेल रहे है।
इनमें सैंकड़ों क्विटंल फूलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। श्री प्रेमभाया मंडल समिति की ओर से विभिन्न देवालयों में चल रहे फागोत्सव के क्रम में मंदिर श्रीप्रेमभाया सरकार श्रीहरियुगल विहार, शिवदासपुरा पर श्री प्रेमभाया सरकार का फाग उत्सव मनाया गया। इसमें श्रीप्रेमभाया सरकार का गुलालमय गजरों का श्रृंगार किया गया।
योगेश भटनागर ने पाछांं सै मटकी फोड़ी, छाने से गागर तोडी या कांई की होरी कानुडा…बनवारी सैनी ने तक-तक मारे पिचकारी रे, नंद जी को लाल सयानों…दीपक शर्मा ने राधे के संग नंदलाल खेले फाग यमुना तीर पै… के साथ भक्त शिरोमणि युगल सरकार की फाग रचनाओं से भक्ति रस बरसाया।
समिति के अध्यक्ष विजय किशोर शर्मा ने बताया कि 18 फरवरी को युगल कुटीर, जयलाल मुंशी का रास्ता, चांदपोल बाजार पर 7:30 से 10:30 बजे तक और 19 को नृसिंह जी का मंदिर, नींदड़ राव जी का रास्ता, चांदपोल बाजार में फागोत्सव मनाया जाएगा।