EV अपनाने में राजस्थान टॉप 5 राज्यों में

 

 

जयपुर, फरवरी 15, 2023.

राजस्थान में 2020 के मुकाबले 2022 में ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) की बिक्री 1296 फीसदी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी टू-व्हीलर सेगमेंट में हुई। पिछले साल 78 हजार इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो 2021 से 233% अधिक है।

वहीं, 2020 में सीएनजी के 348 वाहन बिके थे, जो 2021 में 4537 और 2022 में 10,573 तक पहुंच गए। इस दौरान पेट्रोल-हाइब्रिड वाहनों की बिक्री भी बढ़ी, जिनके इंजन ईंधन के साथ बैट्री से भी पावर लेते हैं।

राजस्थान सरकार ने 1 सितंबर 2022 को इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण और खरीद को प्रोत्साहन देने के लिए ईवी पॉलिसी तैयार की थी। पांच वर्ष के लिए बनी इस पॉलिसी का बजट 40 करोड़ रुपए है। पॉलिसी के मुताबिक राज्य सरकार दोपहिया ईवी की खरीद पर 5,000 से 10 हजार रुपए, तिपहिया ईवी पर 10 हजार रुपए से 20 हजार रुपए और चौपहिया की खरीद पर 30 हजार रुपए से 50 हजार रुपए तक की सब्सिडी देगी।